Wednesday, 21 October 2026 · 8:04 pm IST
GroundWire

मोदी जी ने सोना खरीदने से मना किया तो चांदी पर हाथ साफ करने लगे चोर

बाराहाट के 50 लाख से अधिक के जेवर चोरी मामले में जमुई का ज्वेलर्स गिरफ्तार, 10 किलो से ज्यादा चांदी बरामद

Prashant Kumar
Prashant Kumar
28 September 2026, 8:29 pm• 2 min read

प्रशांत कुमार क्राइम और खोजी पत्रकार है जो पिछले 15 सालों से क्राइम और अन्य मुद्दों पर लिखते है।

मोदी जी ने सोना खरीदने से मना किया तो चांदी पर हाथ साफ करने लगे चोर

सोना महंगा हुआ तो क्या, चोरी का धंधा करने वालों ने चांदी का रास्ता पकड़ लिया। कुछ इसी अंदाज में बाराहाट के 50 लाख रुपये से अधिक के जेवर चोरी मामले की जांच में पुलिस के हाथ जमुई के एक ज्वेलर्स तक पहुंचे। बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में पुलिस ने चंद्रमंडी टोला निवासी उमेश पोद्दार उर्फ गुड्डू पोद्दार को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर देवघर और जमुई स्थित उसकी दुकानों से 10.1 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के खैरीपानन स्थित दुकान से करीब 6.03 किलोग्राम चांदी के आभूषण, चांदी की मोती वाली माला और करीब 3.5 ग्राम सोने के आभूषण मिले। वहीं जमुई के माधोपुर बाजार स्थित मां तारा ज्वेलर्स से करीब 4.07 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 30.15 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 130 ग्राम चांदी के लाकेट, 600 ग्राम मोतियों की माला और एक मोबाइल बरामद किया गया।

यानी सोने पर महंगाई का पहरा लगा तो चांदी भी चोरों की नजर से बच नहीं सकी। हालांकि यह पूरा मामला पुलिस की जांच का है और बरामद जेवर चोरी के ही हैं, इसकी कड़ियां जांच के बाद पूरी तरह स्पष्ट होंगी।

ज्ञात हो कि 25 जुलाई 2025 को बाराहाट बाजार में अमित चौधरी के घर से 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवर चोरी हुए थे। पुलिस इस मामले में पहले भी कुछ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। उमेश पोद्दार को चोरी के जेवरों की खरीद-बिक्री से जुड़े इनपुट के आधार पर पकड़ा गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी के जेवर किन लोगों के माध्यम से बाजार तक पहुंचे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। छापेमारी टीम में बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार, अपर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल थे।