मड़वा पहाड़ प्रकरण के मुख्य आरोपित नंदन यादव की गिरफ्तारी के बाद इलाके में उसके कथित दबंग रवैये को लेकर अब आवाजें उठने लगी हैं। जिस युवक के खिलाफ बोलने से लोग पहले कतराते थे, उसकी गिरफ्तारी के बाद ग्रामीण कई पुरानी घटनाओं और शिकायतों का जिक्र कर रहे हैं। लोगों का दावा है कि इलाके में नंदन का ऐसा खौफ था कि उसके व्यवहार का विरोध करने से लोग बचते थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नंदन पर राह चलती छात्राओं और युवतियों से अभद्र व्यवहार करने तथा फब्तियां कसने के आरोप लगते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल आने-जाने के दौरान कुछ छात्राओं को कथित तौर पर परेशान किए जाने की शिकायतें भी सामने आती थीं। हालांकि, डर और सामाजिक दबाव के कारण इन शिकायतों को लेकर लोग खुलकर सामने नहीं आ पाते थे।
दबंग छवि के आगे चुप था इलाका
ग्रामीणों की मानें तो नंदन की कथित दबंग छवि के कारण उसके खिलाफ आवाज उठाना आसान नहीं था। लोगों में नाराजगी होने के बावजूद खुलकर विरोध करने से वे बचते थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी भय के कारण कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार की शिकायतें दबकर रह जाती थीं।
छात्राओं में हरकतों का डर
स्थानीय लोगों के अनुसार, नंदन के कथित व्यवहार को लेकर छात्राओं में डर का माहौल था। कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि रास्ते में परेशान किए जाने की आशंका से कई लड़कियां असहज रहती थीं। यहां तक कि कुछ छात्राओं के स्कूल आने-जाने पर भी इसका असर पड़ने की बात कही जा रही है।


