दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा की ओर जा रही स्लीपर बस में बुधवार रात करीब 11 बजे जेवर थाना अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर, जीरो प्वाइंट से लगभग 32 किलोमीटर आगे अचानक भीषण अग्निकांड हो गया। इसमें एक महिला समेत नौ लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 20 से 25 लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया है। वहीं, चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मीडिया में दिए यात्री के बयान के अनुसार, सभी यात्री सो रहे थे। अचानक लोगों ने जगाया और बोला कि बस में आग लग गई है। इसके बाद लोग खिड़कियों और अन्य जगहों से भागकर अपनी जान बचाई।
आग कैसे लगी, इसकी अभी जानकारी नहीं मिल रही है। अपनो के पास जा रहे लोग हो गए हादसे का शिकार, अब सवाल उठता है कि नौ लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन?
यात्रियों के अनुसार जलने की बदबू और धुआं आने की जानकारी स्टाफ को दी गई, लेकिन समय रहते बस नहीं रोकी गई। अगर समय से बस रोक दी गई होती तो शायद ये हादसा न हुआ होता।
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जताया दुख
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर एक बस में दुर्भाग्यपूर्ण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।


