गोरखपुर: संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश एवं जिला प्रशासन गोरखपुर के तत्वाधान में गोरखपुर के बाबा गंभीर नाथ ऑडिटोरियम मे भव्य कजरी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश राजकुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन करके किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत लखनऊ से पधारी मालिनी अवस्थी के गीतों से हुई।
कार्यक्रम में लखनऊ से पधारी लोकप्रिय गायिका गायिका मालिनी अवस्थी एवं पूर्वांचल की प्रख्यात गायिका एवं आकाशवाणी तथा दूरदर्शन की बी हाई ग्रेड की कलाकार इंदु गुप्ता द्वारा कजरी एवं लोकगीतों की बेहतरीन प्रस्तुति दी गई। इन कलाकारों की कुछ प्रस्तुतियों पर तो दर्शकों में से कुछ लोग अपनी सीट छोड़कर मंच के सामने आकर नाचने भी लगे। एक ओर मालिनी अवस्थी के गीतों का दौर चला तो दूसरी ओर इंदू गुप्ता के गीतों और उनके साथ आए नृत्य कलाकारों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रेक्षागृह दर्शकों से भरा हुआ था। इसके अलावा भी सैकड़ों दर्शक खड़े होकर इस कजरी महोत्सव एवं लोकगीतों का आनंद लेते रहे। दोनों कलाकारों के प्रत्येक गाने की समाप्ति के बाद पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मालिनी ने अपने प्रमुख गीतों में गोरी करेलू गुमान काहें सावन में, सैया मिले लरकैयां मैं का करूं, रेलिया बैरन पिया के लेके जाए रे,
एवं इंदु गुप्ता ने अपने गीतों में मशहूर सावनी गीत कैसे खेले जइबू सावन में कजरिया, एवं रहनी करत दूध के कुल्ला खाईं डेढ़ किलो रसगुल्ला गाकर सभी दर्शकों का दिल जीत लिया।
इंदू के साथ आए वादक कलाकारों में कीबोर्ड पर अजीत उपाध्याय, इलेक्ट्रिक पैड पर सुनील रॉब्सन, ढोलक पर संत लाल शर्मा तथा साइड इंस्ट्रूमेंट पर विनय कुमार ने जोरदार संगत किया। इसके पश्चात कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले गायक एवं गायिकाओं तथा वाद्य यंत्र पर संगत करने वाले सभी कलाकारों को सम्मान चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर के सम्मानित किया गया
कार्यक्रम का समापन राजकीय बौद्ध संग्रहालय गोरखपुर के उपनिदेशक डॉ. यशवंत सिंह राठौड़ ने दर्शकों का आभार एवं कलाकारों को धन्यवाद देकर किया।


