Wednesday, 21 October 2026 · 8:08 pm IST
GroundWire

2 अक्टूबर से देश के हर जिले में ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ शुरू करेगा विपक्ष

30 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक लगभग साढ़े तीन घंटे चली, जिसमें इंडिया गठबंधन ने कई फैसले लिये।

Binu Pandey
Binu Pandey
30 September 2026, 6:05 pm• 2 min read

बिनु पाण्डेय करेंट इवेंट्स और ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ इंटरव्यू करने वाले पत्रकार हैं। राजनीति और आम जनमानस से जुड़े मुद्दों पर लेखन एवं रिपोर्टिंग में रुचि रखते हैं।

2 अक्टूबर से देश के हर जिले में ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ शुरू करेगा विपक्ष

30 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित इंडिया गठबंधन की बैठक लगभग साढ़े तीन घंटे चली, जिसमें इंडिया गठबंधन ने कई फैसले लिये। इन फैसलों की जानकारी देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इंडिया गठबंधन ने ये फैसला लिया है कि ये जो वोट चोरी की सरकार चल रही है, उसके खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा, जिसमें उन्होंने बताया कि 2 से 8 अक्टूबर तक जिला स्तरीय 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' होगा, जिसमें इंडिया गठबंधन के सदस्य हर जिले के जिलाधिकारी के समक्ष आंदोलन करेंगे और लोगों को भी बताएंगे कि हम आंदोलन क्यों कर रहे हैं।

6 अक्टूबर को विपक्षी पार्टियों के सांसद चुनाव आयोग तक मार्च निकालेंगे। फिर विपक्षी पार्टियों के नेता अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगेंगे।

इसके अलावा गठबंधन पांच बड़ी रैलियां आयोजित करेगा, जिसकी जगह और तारीख जल्द घोषित की जाएगी। इस रैली के बारे में बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इसमें हम लोगों को बताएंगे, आज की सरकार कैसे वोट छीनकर लोगों से उनके जीने के अधिकार के साथ संवैधानिक अधिकार को भी छीन रही है। ये सभी पांच रैलियां अक्टूबर और नवंबर में होंगी। 1 नवंबर को दिल्ली में विपक्ष एक बड़ी रैली का आयोजन करेगा। इसके अलावा इंडिया गठबंधन ने एक अन्य मांग रखी है, जिसमें उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में एसआईआर से जुड़े सभी मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करने की बात की है।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने क्या कहा

हम यह सुनिश्चित करने जा रहे हैं कि जिन लोगों ने भारतीय लोकतंत्र को नष्ट किया है, उन्हें सजा मिले। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कितने वरिष्ठ हैं या वे कौन हैं। भारतीय लोकतंत्र इस देश के हर एक व्यक्ति से बड़ा है।